याकूब मामले में सुनवाई करने वाले जज को हत्या की धमकी
(India)
मुंबई हमले के गुनहगार याकूब मेमन की फांसी रोकने से इंकार करने वाले सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश दीपक मिश्र को जान से मारने की धमकी दी गई है। न्यायमूर्ति मिश्र के तुगलक रोड स्थित सरकारी आवास पर गत दिवस आई गुमनाम चिट्ठी में कहा गया है कि उन्हें (मिश्र) जितनी सुरक्षा बढ़ानी है बढ़ा लें। वे उन्हें खत्म कर देंगे। न्यायमूर्ति के आवास पर धमकी भरा पत्र आने की सूचना तत्काल तुगलक रोड थाने और पुलिस कंट्रोल रूम को दे दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त भीमसेन बस्सी के साथ ही अन्य आला अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को घटनाक्रम से अवगत कराया गया। पुलिस ने भी आनन फानन मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की जांच में स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच के अलावा तमाम सुरक्षा एजेंसियां जुट गई हैं। नई दिल्ली जिला के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विजय सिंह ने न्यायमूर्ति दीपक मिश्र को धमकी भरा पत्र भेजे जाने की पुष्टि की। सिंह ने कहा,न्यायमूर्ति के बंगले के चारों तरफ सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।