आतंकी नावेद की मदद करने वाले गिरफ्तार
(India)
एनआईए ने शनिवार को आतंकी नवेद की निशानदेही पर उसके चार साथियों को घाटी से गिरफ्तार किया है। इन लोगों ने नवेद के भारतीय सीमा में प्रवेश करने के बाद उसकी मदद की थी। वहीं घाटी में सुरक्षाबलों और कुछ आतंकियों के बीच शाम को फिर से मुठभेड़ हुई। राष्ट्रीय जांच एजेंसी नवेद को पूछताछ के लिए घाटी लेकर आई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार लोगों में शामिल दो भाई फयाज अहमद वानी और जावेद अहमद हैं। दोनों भारतीय वायुसेना के अवंतीपुरा स्टेशन पर एक ठेकेदार के पास बढ़ई का काम करते थे। वहीं दो अन्य मोहम्मद अल्ताफ और जावेद अहमद पैरी सेल्समैन और चालक हैं। खुफिया सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार लोग कश्मीर घाटी में लश्कर-ए-तैयबा के स्लीपर सेल का हिस्सा हैं। इन सभी ने नवेद के भारतीय सीमा में प्रवेश करने के बाद उसकी मदद की थी। बहरहाल, एनआईए नवेद और उसके इन मददगारों से पूछताछ कर घाटी में आतंकियों की मदद करने वालों की पहचान में जुटी है। वहीं यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर नवेद ने किस रास्ते से भारतीय सीमा में प्रवेश किया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।