बिहार के दरभंगा जिले के सदर थाना क्षेत्र के एक पंचायत भवन में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर झंडारोहण के बाद प्रसाद के रूप में बांटी गई मिठाई खाने से 300 लोग बीमार हो गए। बीमार होने वालों में बच्चों की संख्या अधिक है। सभी पीड़ित खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रानीपुर गांव स्थित पंचायत भवन में झंडोतोलन के बाद मुखिया अनिता देवी और उनके पति अनिल सहनी द्वारा बुंदिया और नमकीन भुजिया बांटी गई थी। मिठाई खाने के बाद कई लोगों ने पेट में दर्द और उल्टी की शिकायत की और दो-चार लोग तुरंत बेहोश भी हो गए। दरभंगा के पुलिस अधीक्षक अजत कुमार सत्यार्थी ने बताया कि इस घटना की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। उन्होंने बताया कि मिठाई खाने के बाद 300 लोग बीमार हो गए। इनमें बच्चों की संख्या अधिक है। सभी पीड़ितों को दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति सामान्य बनी हुई है। उन्होंने बताया कि करीब 40 से अधिक लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।