पाकिस्तान राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर की बातचीत से शनिवार को पीछे हट गया और इसके साथ तय हो गया कि पाकिस्तानी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार सरताज अजीज नई दिल्ली नहीं आएंगे। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने शनिवार रात जारी एक बयान में भारत पर बातचीत के लिए शर्ते लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी दशा में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर की बातचीत नहीं हो सकती। भारत और पाकिस्तान के बीच एनएसए स्तर की वार्ता 23 और 24 अगस्त को नई दिल्ली में होने वाली थी। पाकिस्तान के बयान के बाद नई दिल्ली में देर रात भारतीय विदेश मंत्रालय ने भी एक बयान में पाकिस्तान के इस निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए उसके आरोप का खंडन किया और कहा कि भारत ने बातचीत के लिए कोई शर्त नहीं रखी है। सिर्फ इतना ही दोहराया है कि बातचीत शिमला समझौते और ऊफा में बनी सहमति की भावना के अनुरूप होनी चाहिए। इससे पहले, भारत ने शनिवार को स्पष्ट कर दिया कि यदि पाकिस्तान कश्मीर मुद्दे को उठाने और हुर्रियत नेताओं से मिलने की बात पर अड़ा रहता है तो दोनों देशों के बीच राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर की बातचीत नहीं हो सकती।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।