जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले में बुधवार को आतंकियों के साथ मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया तो दूसरी तरफ एक आतंकवादी को भी ढेर कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ सुबह सात बजे शुरू हुई। सुरक्षा बलों को आतंकियों की मौजूदगी के बारे में पक्की खबर मिली थी, जिसके बाद उन्होंने जिले के राफियाबाद इलाके की घेराबंदी कर ली और सुबह सात बजे तलाशी अभियान शुरू कर दिया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुरक्षाकर्मी जब इलाके में तलाशी अभियान चला रहे थे, तभी आतंकियों ने उन पर गोलियां चलायीं, जिसके बाद मुठभेड़ शुरू हो गई। मुठभेड़ नौ घंटे से अधिक समय तक चली। उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान एक सैनिक शहीद हो गया और एक आतंकवादी को मार गिराया गया। मारे गए आतंकवादी की शिनाख्त रियाज अहमद के रूप में की गई है। वह सोपोर इलाके के निकट ब्राथर कालन का निवासी था। अधिकारी ने कहा कि वह हिज्बुल मुजाहिदीन से जुड़ा हुआ था। अधिकारी ने कहा कि खुफिया रिपोर्ट के हवाले से शुरू में कहा गया था कि इलाके में लश्कर ए इस्लाम एलईएल के दो आतंकवादी छिपे हुए हैं। समझा जाता है कि छिपे हुए आतंकवादियों में से एक इम्तियाज अहमद कांडू है जो कयूम नजर का करीबी सहयोगी है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।