दुनिया भर में हिन्दी के प्रचार प्रसार के लिए होने वाला विश्व हिन्दी सम्मेलन 32 साल बाद भारत में हो रहा है। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस तीन दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन में लगभग 27 देशों के हिन्दी विद्वान हिस्सा ले रहे हैं। देश विदेश में हिन्दी के प्रचार प्रसार में अहम भूमिका निभाने वाले बालीवुड के सितारों से आम तौर पर परहेज करने वाले विश्व हिन्दी सम्मेलन में इस बार मशहूर अभिनेता अमिताभ बच्चन को न सिर्फ आमंत्रित किया गया है बल्कि वह अच्छी हिन्दी कैसे बोलें विषय पर व्याख्यान भी देंगे। प्रधानमंत्री ने सम्मेलन के सफल होने की कामना करते हुए अपने शुभकामना संदेश में आशा प्रकट की कि इसमें भाग ले रहे विद्वान हिंदी के माध्यम से भारतीय संस्कृति के मूलमंत्र वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को आगे बढ़ाएंगे और हिंदी जगत के विस्तार की संभावनाओं को चरम पर पंहुचाने के उपायों पर चर्चा करेंगे। राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने विश्व हिन्दी दिवस आयोजन के लिए इस बार भोपाल को चुने जाने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा, भारत के हृदय प्रदेश मध्यप्रदेश में हिन्दी प्रेमियों का स्वागत है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की अध्यक्षता में और मध्य प्रदेश सरकार की सहभागिता से विदेश मंत्रालय दसवें विश्व हिंदी सम्मेलन का आयोजन कर रहा है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।