मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में शनिवार को एक घर में एक-एक कर कई धमाके हुए। इसकी चपेट में आकर 104 लोगों की मौत हो गई जबकि 100 घायल हुए हैं। धमाके का कारण घर में रखा भारी विस्फोटक था, जिनमें आग लगने से हादसा हुआ। हादसे में पास के एक रेस्टोरेंट की छत भी ढह गई जबकि कुछ दूसरे घरों को भी नुकसान पहुंचा है। राज्य सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं। झाबुआ की कलेक्टर अरुणा गुप्ता के अनुसार, विस्फोट पेटलावद बस स्टैंड के निकट राजेंद्र कसावा की इमारत में हुआ। उनके पास चट्टानी इलाकों में कुएं खोदने के लिए विस्फोटक रखने का लाइसेंस है। कसावा ने जिलेटिन की छड़ों समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री आवासीय इमारत में रखी थी। रेस्टोरेंट प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कई मिनटों तक रुक-रुक कर धमाके होते रहे। पहला धमाका इतना जोरदार था कि कुछ लोग हवा में उछलते नजर आए। धमाके की चपेट में निकट का एक रेस्टोरेंट भी आ गया, जिसमें रखे गैस सिलेंडर में भी ब्लास्ट हुआ। इसके बाद रेस्टोरेंट की छत ढह गई और वहां नाश्ता करने आए लोग हादसे का शिकार बने। धमाके के चलते बाहर सड़क पर शव बिखरे पड़े थे। अधिकांश शवों के चीथड़े उड़े हुए थे। मध्य प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।