आम आदमी पार्टी के विधायक और दिल्ली के पूर्व कानून मंत्री सोमनाथ भारती की अग्रिम जमानत याचिका दिल्ली हाईकोर्ट ने मंगलवार को खारिज कर दी। उनकी गिरफ्तारी अब तय मानी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, याचिका खारिज होने के बाद सोमनाथ के घर और दफ्तर पर दिल्ली पुलिस की टीमें पहुंचीं। हालांकि, भारती नहीं मिले। उधर, सोमनाथ भारती ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। भारती ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा, ‘मैं तब तक सामने नहीं आऊंगा, जबतक सुप्रीम कोर्ट में मेरी याचिका पर सुनवाई नहीं हो जाती। मैं पुलिस से अपील करता हूं कि वो मुझे बिना गिरफ्तार किए पूछताछ करे। मुझे इस मामले में सबूत रखने का मौका दे। अगर मुझे यह मौका दिया गया तो मैं यह साबित कर दूंगा कि मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। पुलिस मेरे खिलाफ बदले की भावना से काम कर रही है।’ हाल ही में जब हाईकोर्ट ने सोमनाथ भारती की गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी तो सोमनाथ भारती सामने आए थे। वे द्वारका नॉर्थ पुलिस स्टेशन पहुंचे थे। सोमनाथ अपने कुत्ते को भी अपने साथ लेकर पहुंचे थे। उन्होंने कहा था, ‘मैं पुलिस की हर इंवेस्टिगेशन में शामिल होने के लिए तैयार हूं। उन्होंने (पुलिस ने) डॉग की डिमांड की थी, मैं इसे अपने साथ लाया हूं, वो इसे रख लें।’ भारती के खिलाफ उनकी पत्नी लिपिका मित्रा ने घरेलू हिंसा और मारपीट का केस दर्ज कराया है। लिपिका ने यह भी कहा था कि जब वे प्रेग्नेंट थीं तो भारती उन्हें अपने पालतू कुत्ते से कटवाते थे। भारती पर जिन धाराओं में केस दर्ज किए गए हैं, वो गैर जमानती हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।