मक्का हादसे में 717 लोगों की मौत
(India)

सऊदी अरब के पवित्र शहर मक्का के निकट मीना में गुरुवार को हज के दौरान मची भगदड़ में 717 लोगों की मौत हो गई, जबकि 863 से ज्यादा घायल हुए। मृतकों में 14 भारतीय भी शामिल हैं। टीवी रिपोर्टस के अनुसार मरने वालों में गुजरात के 9, झारखंड के 2, तमिलनाडु के 2 और महाराष्ट्र का 1 व्यक्ति शामिल है। पिछले दशक में हज के दौरान हुई यह सबसे भयावह दुर्घटना है। वहीं, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खमनेई ने सऊदी अरब के मक्का शहर के मीना में हज के दौरान भगदड़ मचने से 717 लोगों की मौत के लिए वहां की सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। खमनेई की वेबसाईट पर जारी बयान के मुताबिक सऊदी सरकार को इस दुखद घटना की जिम्मेदारी लेनी चाहिये। यह भगदड़ वहां की कुप्रबंधन और अव्यवस्थाओं की वजह से हुआ। ईरान के तसनीम और फार्स संवाद समिति के मुताबिक इस भगदड़ में लगभग 125 ईरानी नागरिकों की मृत्यु हुई है। इस आपदा पर आधिकारिक शिकायत दर्ज करने के लिए तेहरान ने सऊदी अरब के उपराजदूत को तलब किया।नागरिक प्रशासन के अफसरों ने बताया, राहत एवं बचाव कार्यों के लिए चार हजार लोग जुटे हैं। इसके अलावा 220 एंबुलेंस भी हैं। हादसे की जगह दो चिकित्सा दल भेजे गए हैं। हमारी टीमें हज यात्रियों को सुरक्षित रास्तों से ले जाने के लिए मौके पर मौजूद हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।