टमाटर नहीं आ रहा नीचे
(India)
आलू और प्याज की ऊंची कीमतों से परेशान आम लोगों को टमाटर ने भी अपनी सुर्खी दिखा दी है। राष्ट्रीय राजधानी समेत देश के कई हिस्सों में इसकी खुदरा कीमतें 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई हैं। मदर डेयरी के सफल आउटलेट में भी इसकी कीमत 44 रुपये प्रति किलो के स्तर पर है। पिछले हफ्ते की शुरुआत में खुदरा मंडियों में यह 20 रुपये प्रति किलो बिक रहा था। यहां स्थित आजादपुर थोक मंडी में टमाटरके दाम भी 20 रुपये प्रति किलो हो गए हैं। जुलाई की शुरुआत में इस थोक मंडी में टमाटर की कीमत 10 रुपये किलो थी। प्याज की खुदरा कीमत पहले ही 40 रुपये से ऊपर चल रही है, जबकि आलू 25 रुपये प्रति किलो है। सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद प्याज के दामों में कोई कमी नहीं आई है। कीमतों में हुई अचानक इस बढ़ोतरी के बारे में मदर डेयरी के फल-सब्जी कारोबार प्रमुख प्रदीप्ता साहू ने बताया कि दिल्ली में टमाटर की ज्यादातर आपूर्ति हरियाणा से होती है, मगर वहां की फसल अब खत्म होने के कगार पर है। इसके चलते कीमतों पर दबाव बना है। इस तेजी के बारे में सबसे हास्यास्पद दलील आजादपुर मंडी में टमाटर मर्चेट एसोसिएशन के महासचिव सुभाष चुक ने दी। चुक ने कहा कि अगर सूखा पड़ता है, तो देश में टमाटर की पैदावार कम हो जाएगी क्योंकि इसके लिए काफी ज्यादा पानी की जरूरत होती है। अब यह तो सभी उपभोक्ता जानते हैं कि टमाटर को आलू-प्याज की तरह लंबे समय तक गोदामों में भरकर नहीं रखा जा सकता है और जब सूखा पड़ेगा तभी कीमतें बढ़ेंगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।