(International)
उसने संबंधित पक्षों से ईद के बाद भी युद्धविराम को लागू रखने तथा गाजा में अत्यावश्यक सहायता मुहैया कराने देने को कहा है । लड़ाई में अब तक 1,000 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं । पंद्रह सदस्यीय सुरक्षा परिषद ने प्रेजडेंशल स्टेटमेंट स्वीकार करने के लिए कल देर रात बैठक की और गाजा में ‘तुरंत आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने देने के लिए तत्काल और बिना शर्त मानवीय युद्धविराम’’ का समर्थन किया । जॉर्डन द्वारा तैयार किए गए बयान में ‘सभी पक्षों से ईद के अवसर के लिए और इसके बाद भी मानवीय युद्धविराम को स्वीकार करने और पूर्ण रूप से कार्यान्वित करने का आग्रह किया गया है ।’ इसमें कहा गया है कि मानवीय युद्धविराम से गाजा में जरूरी सहायता तुरंत उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी । बयान में अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का ‘पूर्ण सम्मान’ करने का आह्वान किया गया है और यह ‘‘नागरिकों की सुरक्षा तथा उनकी कुशलक्षेम और उनकी रक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने की आवश्यकता’’ को दोहराता है । परिषद ने गाजा से संबंधित संकट के चलते खराब होती स्थिति और नागरिकों के मारे जाने पर गंभीर चिंता जताई । बयान में जोर दिया गया है कि नागरिक एवं मानवीय स्थलों तथा संयुक्त राष्ट्र प्रतिष्ठानों का सम्मान किया जाना चाहिए और उनकी रक्षा की जानी चाहिए । इससे पूर्व गाजा में 12 घंटे के मानवीय संघषर्विराम का स्वागत करते हुए संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने सभी पक्षों से फिर से अपील की थी कि वे राजनीतिक वार्ता फिर से शुरू करने की प्रस्तावना के रूप में एक हफ्ते के युद्धविराम की घोषणा करें । बीस दिन से चल रहे युद्ध में 1,030 फलस्तीनी नागरिक और 46 इजरायली सैनिक मारे जा चुके हैं । इस बीच, ऑस्ट्रेलिया ने आज घोषणा की कि वह गाजा में युद्ध पीड़ित लोगों को भोजन एवं दवाओं की आपातकालीन आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए 50 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर की अतिरिक्त मानवीय सहायता देगा ।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।