जयललिता के बारे में आपत्तिजनक लेख पर राजपक्षे ने जताया खेद
(International) राजपक्षे ने संवाददाताओं को बताया, मुझे खेद है कि ऐसा हुआ। मैंने इसपर एक रिपोर्ट मांगी है। श्रीलंका के रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयललिता की तस्वीर के साथ एक लेख अपलोड किया गया था, जिसका शीषर्क था- ‘नरेंद्र मोदी को लिखे गए जयललिता के प्रेमपत्र कितने अर्थपूर्ण हैं?’ बाद में रक्षा मंत्रालय ने यह लेख अपनी वेबसाइट से हटा लिया था और भारत से बिना शर्त माफी मांगी। रक्षा मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर डाले बयान में कहा, हम भारत के माननीय प्रधानमंत्री और तमिलनाडु की माननीय मुख्यमंत्री से बिना शर्त माफी मांगते हैं। रक्षा मंत्रालय की ओर से बोलते हुए मेजर जनरल कपिला हेंदावितराणा ने कहा कि यह लेख रक्षा मंत्रालय की वेबसाइट पर बिना अनुमति के डाला गया था। लेख के प्रकाशित होने के कुछ ही घंटे बाद, भारत में इस लेख को लेकर तूफान मच गया और भाजपा के सहयोगियों पीएमके और एमडीएमके ने श्रीलंका के साथ कूटनीतिक संबंध तोड़ने की मांग की। जयललिता ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की थी कि इस लेख पर श्रीलंकाई सरकार से बिना शर्त माफी मांगने के लिए कहें। भारत के विदेश मंत्रायल ने कल श्रीलंकाई उच्चायुक्त सुदर्शन सेनेविरत्ने को नयी दिल्ली में बुलाकर इस लेख के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। सेनेविरत्ने को विदेश मंत्रालय के श्रीलंका प्रभाग के प्रभारी मुख्य सचिव ने कड़े शब्दों में इस मुद्दे पर सांसदों के बीच व्याप्त गुस्से और चिंता से अवगत कराया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।