मोदी का चीन के साथ सीमा विवाद हल करने पर जोर
(International)
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्राजील पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ अपनी मुलाकात में दोनों देशों के बीच जारी सीमा विवाद का मुद्दा हल करने के लिए दबाव बनाया। मंगलवार को फोर्तालेजा में मुलाकात के दौरान मोदी ने चिनफिंग से कहा, अगर भारत और चीन सीमा विवाद की समस्या को शांतिपूर्ण तरीके से हल करने में कामयाब हुए तो यह पूरी दुनिया के लिए मिसाल होगा। प्रधानमंत्री ने कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए एक और मार्ग खोलने का आग्रह भी किया, जिस पर चिनफिंग ने विचार करने का आश्वासन दिया। शी ने सितंबर में भारत आने पर हामी भरी और मोदी को चीन यात्रा का न्योता दिया, जिसे प्रधानमंत्री ने स्वीकार कर लिया। अहम है कि बैठक के लिए निर्धारित समय 40 मिनट था, लेकिन बातचीत का सिलसिला 80 मिनट तक चलता रहा। बैठक में भारत ने आए दिनों चीन के सैनिकों की भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ पर विरोध दर्ज कराया। प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों मुल्कों के एक-दूसरे पर भरोसे को मजबूत करने और सीमा पर शांति बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीमा पर ऐसी कोई घटना नहीं होनी चाहिए, जिससे द्विपक्षीय संबंधों पर असर पड़े। दोनों पक्षों ने दोस्ताना तरीके से सीमा समस्या के समाधान पर जोर दिया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।