ब्रिक्स विकास बैंक में सदस्य देशों की होगी समान हिस्सेदारी,
(International) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले बहुपक्षीय मेलमिलाप वाले कार्यक्रम ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मंगलवार को यहां शुरुआत हुई। सम्मेलन की शुरुआत इस समझ के साथ हुई है कि 50 अरब डालर के प्रस्तावित ब्रिक्स विकास बैंक में पांचों सदस्य देशों की समान हिस्सेदारी होगी। इस बैंक की अध्यक्षता संभवत: भारत को मिलेगी। इस संबंध में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि ब्रिक्‍स डेवलपमेंट बैंक को लेकर समझौता एक उल्‍लेखनीय कदम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ रूस के राष्ट्रपति ब्लादिमिर पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुम्मा और ब्राजील की राष्ट्रपति दिल्मा रोसेफ भी शिखर सम्मेलन में भाग ले रहे हैं। पांच राष्ट्रों की सदस्यता वाले समूह की शिखर बैठक में बैंक और 100 अरब डॉलर के शुरुआती आकार के साथ एक ‘कंटींजेंसी रिजर्व अरेंजमेंट’ स्थापित करने का समझौता हुआ। इस बैठक के जरिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वैश्विक नेताओं के साथ अपनी प्रथम बहुपक्षीय वार्ता की शुरुआत की। नए विकास बैंक का अफ्रीकी क्षेत्रीय केंद्र दक्षिण अफ्रीका में होगा। सम्मेलन में स्वीकार किए गए फोर्तालेजा घोषणापत्र में नेताओं ने कहा कि हम अपने वित्त मंत्रियों को निर्देश देते हैं कि वे इसके संचालन के लिए तौर तरीकों पर काम करें। शुरुआती अंशधारिता पूंजी की समान साझेदारी पर भारत का जोर इस बात को लेकर रहा है कि ब्रिक्स बैंक भी अमेरिका के आधिपत्य वाले अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक सरीखे ब्रेटन वुड्स संस्थानों का रूप नहीं ले। बैंक और सीआरए की स्थापना की सराहना करते हुए मोदी ने पूर्ण सत्र में कहा कि बैंक से अब न सिर्फ सदस्य राष्ट्रों को फायदा होगा बल्कि विकासशील विश्व को भी फायदा होगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।