विद्राहियों ने एमएच17 विमान के ब्लैक बॉक्स सौंपे
(International) पूर्वी यूक्रेन में दुर्घटनाग्रस्त हुए मलेशियाई विमान एमएच17 के ब्लैकबॉक्स आज विद्रोहियों ने सौंप दिए और उस स्थान विशेष पर संघर्षविराम की घोषणा कर दी जहां विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर गिरा था ताकि अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों का दल घटनास्थल की फोरेंसिक जांच करने के लिए वहां का दौरा कर सके। इस त्रासदी की जांच का नेतृत्व कर रहे नीदरलैंड के जांचकर्ता 280 मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेने की तैयारी कर रहे है। इन्हें ट्रेन से सरकार नियंत्रित शहर खारकिव ले जाया जाना है। जब गुरूवार को विमान को मार गिराया गया तो उसमें नीदरलैंड के 193 यात्री सवार थे। इन लोगों के अवशेषों को नीदरलैंड ले जाया जाना है। इस घटना के बाद यूक्रेन में तीन महीनों से जारी खूनी संघर्ष का असर अब मलेशिया और ऑस्ट्रेलिया जैसे सुदूर देशों तक भी पहुंच गया है। विमान को मार गिराए जाने के लिए रूस समर्थित अलगाववादियों को दोषी ठहराया जा रहा है ओैर कहा जा रहा है कि उन्होंने मास्को की ओर से आपूर्ति की गई मिसाइल का प्रयोग करके इस घटना को अंजाम दिया। घटना को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय के रोष को देखते हुए विद्रोहियों ने शव और ब्लैकबॉक्स जांचकर्ताओं को सौंपने की स्वीकृति प्रदान की है। विद्रोहियों की यह प्रतिक्रिया यूरोपीय विदेश मंत्रियों की ब्रसेल्स में रूस पर नए प्रतिबंध लगाने को लेकर हुई बैठक के बाद आई है। स्वघोषित दोनत्सक पीपुल्स रिपब्लिक के प्रधानमंत्री एलक्जेंडर बोरोदाई ने कहा कि दोनों ब्लैकबॉक्स में विमान के कॉकपिट से जुड़ी जानकारी है जिन्हें मलेशियाई अधिकारियों को सौंप दिया गया है। उन्होंने घटनास्थल से 10 किलोमीटर के क्षेत्र में युद्धविराम की भी घोषणा की है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।