इजरायल ने तेज किए हमले, एक दिन में 100 से ज्यादा फलस्तीनी मारे गए
(International) इजरायल और हमास के बीच संघर्ष तेज हो गया क्योंकि दोनों पक्षों ने संयम बरतने के अंतरराष्ट्रीय आह्वानों को नजरअंदाज किया। इस संघर्ष में मरने वालों की कुल संख्या 1100 से अधिक हो गई। इजरायल ने फलस्तीन की ओर से होने वाले राकेट हमलों के जवाब में गाजा पट्टी पर बमबारी बढ़ा दी और तीन सघन आबादी वाले क्षेत्रों में लोगों को चेतावनी दी कि वे अपने घर खाली कर दें। उत्तरी गाजा पट्टी में जबालिया में इजरायल की गोलीबारी में 13 फलस्तीनियों की मौत हुई। इजरायल ने 60 हवाई हमले किये जिसमें गाजा का एकमात्र बिजली संयंत्र क्षतिग्रस्त हो गया। इजरायल ने गाजा पर नियंत्रण करने वाले समूह हमास से संबंधित स्थलों को भी निशाना बनाया। गाजा में वितरण कंपनी में इंजीनियर नादल तोमन ने कहा, ‘एक गोला ईंधन टैंक जबकि दूसरा संयंत्र के भाप इंजन पर गिरा जिससे उसमें आग लग गई।’ अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर चुके तोमन ने कहा, ‘आग को काबू में करना बहुत मुश्किल था।’ इजरायली युद्धक विमानों ने गाजा में हमास के शीर्ष नेता इस्माईल हनिया के घर को भी निशाना बनाया। यह जानकारी हनिया के पुत्र अबेद सलाम हनिया ने देते हुए कहा, ‘इजरायली दुश्मनों ने हमारे घर पर दो बार हमला किया।'

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।