(International)
इस बीच, जबरदस्त अंतरराष्ट्रीय दबाव के चलते इजराइल मानवीय जरूरतों के लिए चार घंटे संयम रखने को राजी हो गया। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि इस्राइल ने गाजा पर आसमान, जमीन और समुद्र के जरिए रात भर बमबारी जारी रखी। इजराइली अभियान के 23वें दिन कम से कम 68 फलस्तीनी मारे गए और 110 घायल हुए हैं। फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने गाजा में बताया कि कुल 1,283 लोग मारे गए हैं और 8 जुलाई को इजराइल और हमास के बीच शुरू हुए संघर्ष में 7,100 से अधिक घायल हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र के एक स्कूल पर आज हुए सबसे जबरदस्त हमले में कम से कम 16 लोग मारे गए। इस्राइली चेतावनी के बाद अपना घरबार छोड़कर आए कई फलस्तीनी ने वहां शरण ले रखी थी। अबू अली नाम के एक स्थानीय निवासी ने बताया, जबालिया में अबू हुसैन स्कूल पर गोलाबारी हुई जहां सैकड़ों विस्थापित फलस्तीन शरण लिए हुए थे। इस महीने यह दूसरा मौका है जब गाजा में संयुक्त राष्ट्र के एक स्कूल पर हमला हुआ है। बृहस्पतिवार को 16 लोग मारे गए और सैकड़ों लोग घायल हो गए थे जब उत्तरी गाजा में संयुक्त राष्ट्र संचालित एक स्कूल पर हमला हुआ था। संयुक्त राष्ट्र राहत एवं कार्य एजेंसी के बॉब टर्नर ने बीबीसी को बताया कि जेबालिया शरणार्थी शिविर में स्कूल पर हमला बगैर किसी चेतावनी के हुआ।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।