उत्तराखंड में बादल फटने के कारण मकान ढहने और पौड़ी, देहरादून, पिथौरागढ़ में भूस्खलन की घटनाओं ने आज सुबह तक 20 लोगों की जान ली। राजधानी देहरादून सहित राज्य के ज्यादातर हिस्सों में हो रही बारिश भी जारी है। जिससे राहत कार्यों में मुश्किलें आ रही है। पौड़ी के एडीएम बीएस चहल ने बताया कि पुराला बैरागढ़ गांव जाने वाले सभी रास्ते बंद हो जाने के कारण करीब 250 लोगों से संपर्क कट गया है। पौड़ी में 14 लोग मारे गए हैं। जबकि देहरादून के बाहरी इलाके किशनपुर में भूस्खलन में दो लोगों की मौत हुई है। पिथौरागढ़ जिले में एक झरने में आई बाढ़ में डूब कर एक व्यक्ति की मौत हो गई। ऋषिकेश में राम झूला के पास गंगा खतरे के निशान 340 मीटर से महज आधा मीटर नीचे बह रही है। ऋषिकेश के एसडीएम संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि बारिश के कारण सभी जल स्रोतों में पानी भर गया है और आसपास रह रहे लोगों का सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।