पड़ोसी देश नेपाल और बिहार के जलग्रहण क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे से रूक रूक कर हो रही भारी वर्षा और कमलाबलान नदी के पश्चिमी तटबंध के टूट जाने से दरभंगा के तीन प्रखंड के 100 से अधिक गांव में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। जानकारी के अनुसार जिले के घनश्यामपुर प्रखंड के कम्हरौल गांव के निकट कमलाबलान नदी का पश्चिमी तटबंध शुक्रवार देर शाम टूट गया। तटबंध के टूट जाने से घनश्यामपुर गौराबौराम और बिरौल प्रखंड के 23 पंचायत के 100 से अधिक गांव में बाढ़ का पानी फैल गया है। बाढ़ से इन तीनों प्रखंडों की लगभग दो लाख 50 हजार की आबादी चपेट में है। बाढ़ से घिरे गांव के लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए स्थानीय प्रशासन की ओर से युद्धस्तर पर कार्रवाई की जा रही है। हालांकि अंधेरा होने के कारण राहत और बचाव कार्य में लगे अधिकारियों को भी कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है । इस बीच कोसी नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि को देखते हुए तटबंध के अंदर रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि तटबंध के अंदर रह रहे लोगों से स्थानीय प्रशासन की ओर से चलाये जा रहे राहत शिविरों में तत्काल जाने का आग्रह किया गया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।