प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी आज पहली बार झारखंड जा रहे हैं। पीएम मोदी रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में कई योजनाओं का आॅनलाइन उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। साथ ही नेशनल डिजीटल लिटरेसी मिशन का शुभारंभ करेंगे। पीएम मोदी 12 बजे रांची पहुंचने के बाद वहां एक सभा को भी संबोधित करेंगे। मोदी की ओर से प्रधानमंत्री टंडवा में प्रस्तावित 1740 मेगावाट के नाॅर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य आॅनलाइन शुरू कराएंगे। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इसका शिलान्यास किया था। लेकिन तकनीकी कारणों से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था। वह पीजीसीआइएल की ओर से बेड़ो में निर्मित झारखंड के सबसे बड़े पावर ग्रिड का ऑनलाइन उदघाटन भी करेंगे। इसके अलावा रांची में नेशनल इंस्टीटयूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इनफॉरमेशन टेक्नोलॉजी सेंटर और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क के साथ आईओसी की ओर से जसीडीह में निर्मित ऑयल टर्मिनल का ऑनलाइन उदघाटन करेंगे। इस मौके पर मोदी के साथ मंच पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय ऊर्जा राज्यमंत्री पीयूष गोयल भी मौजूद रहेंगे। रांची में मोदी के दौरे को देखते हुए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और चप्पे चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पीएम मोदी आज नागपुर भी जाएंगे। जहां भी उन्हें एक बिजली परियोजना का उद्घाटन करना है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।