हरियाणा पुलिस आज रामपाल को गिरफ्तार करने की कार्रवाई दोबारा शुरू करेगी। इससे पहले मंगलवार को पुलिस अपनी तमाम कोशिशों के बावजूद रामपाल को उसके आश्रम से गिरफ्तार नहीं कर सकी। पुलिस ने अपनी कार्रवाई रोकते हुए लोगों को आज सुबह तक आश्रम खाली करने को कहा है। राज्य के डीजीपी ने यह भी साफ किया कि जब तक रामपाल की गिरफ्तारी नहीं होगी, कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं आश्रम के सूत्रों का कहना है कि पुलिस की कार्रवाई में पांच महिलाएं और तीन आदमियों की मौत हो गई है।मंगलवार दोपहर पुलिस ने जब कार्रवाई की तो रामपाल के समर्थकों ने आश्रम के अंदर से फायरिंग की और पेट्रोल बम फेंके। इस झड़प में 100 से ज्यादा पुलिसवाले घायल हुए। जाहिर है कि आश्रम के अंदर मौजूद लोगों को भी इस कार्रवाई में चोटें आई होंगी, लेकिन अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।आश्रम के अंदर से बाहर आए कुछ लोगों की मानें तो रामपाल और उनके कुछ कट्टर समर्थकों ने आश्रम के अंदर लोगों को बंधक बनाकर रखा हुआ है। ऐसे में पुलिस की मुश्किल रामपाल और उसके गुंडों को काबू में करने के साथ ही आश्रम के अंदर बंद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की भी है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।