मोदी का जनकपुर दौरा रद्द होने से नेपाल में सियासी उबाल, सड़कों पर उतरे लोग
(DELHI, India) मोदी के प्रशंसक यहां विरोध-प्रदर्शन पर उतर आए हैं। रविवार को जनकपुर और बीरगंज में नेपाल सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई। पीएम नरेंद्र मोदी 18वें सार्क सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए अगले सप्ताह नेपाल जाने वाले हैं। इस संबंध में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने रविवार को ट्वीट कर प्रधानमंत्री के बदले कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि घरेलू कार्यक्रम के चलते पीएम मोदी जनकपुर, लुम्बिनी और मुक्तिनाथ नहीं जाएंगे। इस बयान के आते ही जनकपुर सहित नेपाल के कई इलाकों में विरोध प्रदर्शन शुरू होने लगे। इससे पहले नेपाली विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता खगनाथ अधिकारी ने कहा था कि पीएम मोदी संभवत: 25 नवंबर को सड़क मार्ग से जनकपुर पहुंचेंगे और फिर काठमांडू की उड़ान भरेंगे जहां वह सार्क देशों की शिखर वार्ता में भाग लेंगे। पहले यह कहा गया था कि पीएम मोदी नेपाल यात्रा के दौरान सार्क सम्मेलन में हिस्सा लेने के अलावा मुक्तिनाथ, लुंबिनी और जनकपुर का भी दौरा करेंगे। दरअसल, बौद्ध चाहते हैं कि नरेंद्र मोदी गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी भी आएं। जनकपुर में मोदी को 25 नवंबर को अयोध्या से जाने वाली राम बारात में शामिल होना था। नेपाल सरकार ने गुरुवार को ऐलान किया था कि भारत के पीएम नरेंद्र मोदी की लुंबिनी, जनकपुर और मुक्तिनाथ यात्रा रद्द कर दी गई है। मोदी को 26 और 27 नवंबर को काठमांडू में होने वाले सार्क समिट में शरीक होना है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।