पेशावर आतंकी हमलों की सभी देशों ने की एक सुर में निंदा
(International)
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत भारत की विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने पाकिस्तान के पेशावर के एक आर्मी स्कूल में हुए हमले की कड़ी निंदा की है। राष्ट्रपति ने पाकिस्तान के पेशावर स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में मंगलवार को हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इस समस्या के खिलाफ एकजुट होने की विश्व के देशों से अपील की है। मुखर्जी ने कहा कि इस तरह की जघन्य घटनाएं मानवता के सिद्धांत के खिलाफ हैं। यह कुछ और नहीं, बल्कि आतंककारियों की मनोदशा को दर्शाता है कि वे किस हद तक जाने में सक्षम हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पाकिस्तान के पेशावर में एक स्कूल में हुए आतंकी हमले की कड़ी भत्र्सना करते हुए मृतक बच्चों के परिजनों के प्रति अपनी हार्दिक सम्वेदना प्रकट की है। मोदी ने अपने शोक संदेश में कहा, मैं पेशावर के स्कूल में आतंककारियों के कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करता हूं। यह एक ऐसी क्रूरतापूर्ण वहशी कार्रवाई है जिसका बयान नहीं किया जा सकता है और इस हमले ने अधिकतर मासूम लोगों तथा स्कूलों में बच्चों की जानें ले ली हैं। आज हमले में जिन लोगों ने अपने प्रिय बच्चों की जानें गंवाई हैं, मैं उन्हें अपनी हार्दिक सम्वेदना प्रकट करता हूं। हम दुख की घड़ी में उनके साथ हैं और अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। अमरीका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने पाकिस्तान में पेशावर के आर्मी पब्लिक स्कूल पर तालिबानी आतंककारियों के हाथों 128 बच्चों सहित 132 लोगों के मारे जाने की कठोर निंदा की है। अमरीकी राष्ट्रपति मुख्यालय व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, ओबामा ने कहा कि अमरीका पाकिस्तान के पेशावर में आर्मी पब्लिक स्कूल पर मंगलवार को हुए इस भयावह हमले की कठोरतम शब्दों में निंदा करता है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।