रंग लाया भारत का दबाव, अभी जेल में ही रहेगा 26/11 का गुनहगार लखवी
(International) लखवी को जमानत की कड़ी निंदा के बीच भारत का दबाव अब रंग लाया है। एक रिपोर्ट के अनुसार, 26/11 हमले का आरोपी लखवी अभी पाकिस्‍तान की जेल में ही रहेगा। जानकारी के अनुसार, लखवी अभी जेल से नहीं छूटेगा। लश्‍कर कमांडर लखवी को दूसरे मामले में पाकिस्‍तान में गिरफ्तार कर लिया गया है। शांति भंग करने के आरोप में अभी लखवी जेल में ही रहेगा। वहीं, पाकिस्‍तान सरकार शुक्रवार को लखवी के जमानत को हाईकोर्ट में चुनौती देगी। उधर, मुंबई हमले के प्रमुख षड़यंत्रकर्ता जकीउर रहमान लखवी को जमानत दिए जाने पर पाकिस्तान के समक्ष ‘कड़ी आपत्ति’ जताते हुए भारत ने कहा है कि यह रिहाई आतंकी समूहों से बिना किसी झिझक एवं भेदभाव के लड़ने की पाकिस्तान की प्रतिबद्धता को एक मजाक बनाकर रख देगी। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने कहा कि बार-बार स्थगन, निलंबन और संबंधित न्यायिक अधिकारियों या गवाहों की अनुपस्थिति की कहानी कई बार सुनाई जा चुकी है और इसके दोहराने की जरूरत नहीं है। जकीउर रहमान को जमानत देने के लिए कल उठाया गया यह कदम इस पूरी कहानी को एक अलग स्तर पर ले गया है। इसलिए हमने कूटनीतिक माध्यमों के जरिए इस मुद्दे पर पाकिस्तान के समक्ष हमारी कड़ी आपत्ति और भारतीय समाज की भावनाएं प्रेषित कर दी हैं कि इससे पाकिस्तान की उस प्रतिबद्धता का मजाक बनेगा, जिसके तहत उसने बिना किसी झिझक और भेदभाव के आतंकी समूहों से लड़ने की बात कही थी। लखवी उन सात पाकिस्तानी नागरिकों में से एक है जिनपर 2008 के मुंबई हमले की योजना बनाने और इसमें सहयोग देने के आरोप हैं। इस हमले में विदेशियों समेत कुल 166 लोग मारे गए थे। अमेरिका की ओर से आतंकी करार दिए गए 54 वर्षीय लखवी को रावलपिंडी की एक अदालत द्वारा जमानत दिए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया जताते हुए भारत ने गुरुवार को पाकिस्तान से कहा कि आतंकवाद के प्रति कोई चयनात्मक रवैया नहीं हो सकता। भारत ने अपनी बात पर जोर देते हुए पाकिस्तान से कहा कि आतंकियों के साथ कभी कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उधर, केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी लखवी को मिली जमानत को ‘बहुत दुर्भाग्यपूर्ण’ करार देते हुए उम्मीद जताई थी कि पाकिस्तान सरकार निचली अदालत के आदेश के खिलाफ ऊंची अदालत में जाएगा और आदेश को निरस्त कराएगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।