पाकिस्तान में आर्मी स्कूल पर हुए आतंकी हमले के बाद जम्मू कश्मीर में आज अंतिम दौर का मतदान हो रहा है । आखिरी दौर में जम्मू संभाग के तीन जिलों की 20 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है । इनमें से कई एलओसी, इंटरनेशनल बार्डर और आतंकवाद से प्रभावित इलाके भी हैं। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के पांचवे और अंतिम चरण में तीन सीमाई जिलों में कड़ी सुरक्षा के बीच करीब 18.29 लाख मतदाता 213 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। 20 विधानसभा सीटों के लिए 71 निर्दलीय उम्मीदवार भी किस्मत आजमा रहे हैं। जम्मू, कठुआ और राजौरी जिलों में 2366 मतदान केंद्रों में लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पांचवें दौर में विधानसभा की बीस सीटों का फैसला करने जा रहे 18,28,904 मतदाताओं में 9,59,011 पुरुष और 8,69,891 महिलाएं हैं।चुनाव आयोग ने मतदान की प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। चुनाव की सुरक्षा के लिए भी पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं।भाजपा के लिए पांचवें दौर में अपना गढ़ बचाने की चुनौती है। साल 2008 के चुनाव में भाजपा को बीस में से दस सीटें मिली थी। वहीं कांग्रेस को पांच, नेशनल कॉन्फ्रेंस को दो, पीडीपी को एक और दो सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों को मिली थीं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।