जम्मू क्षेत्र में आगे है भाजपा
(India)
जम्मू एवं कश्मीर में त्रिशंकु विधानसभा की भविष्यवाणियों के बीच सत्ता की दौड़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और पीपुल्स डेमोक्रेटिक (पीडीपी) के बीच कांटे की टक्कर चल रही है। मतगणना में आधिकारिक रूप से 82 सीटों के मिले रुझान में भाजपा के 28 सदस्य जीतते नजर आ रहे हैं। भाजपा जिन सीटों पर जीत रही है, वे सभी जम्मू क्षेत्र के हिंदू बहुल सीट हैं, जहां राज्य की 87 में से 37 सीटें हैं। कश्मीर घाटी में भाजपा का चेहरा हिना भट्ट श्रीनगर में अमीरा कडाल से आगे चल रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के नेतृत्व वाली पीडीपी 25 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर है। सईद अनंतनाग सीट से आगे चल रहे हैं। मुस्लिम बहुल कश्मीर घाटी में 46 सीटें हैं, जबकि बौद्ध बहुल लद्दाख में चार सीटें हैं। सत्तारूढ़ नेशनल कांफ्रेंस 13 सीट पर आगे चल रही है। इसकी पुरानी गठबंधन पार्टी कांग्रेस 10 पर आगे चल रही है। प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, ‘यह भाजपा और जम्मू एवं कश्मीर के लिए क्रांतिकारी परिवर्तन है।’ नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने जम्मू एवं कश्मीर में 44 सीटें जीतने और मुस्लिम बहुल राज्य में पहली बार अपने दम पर सरकार बनाने के लिए जोरदार प्रचार किया था। अब तक 48.29 लाख वोटों की गिनती हो चुकी है। चुनाव के बाद हुए अधिकांश सर्वेक्षणों में राज्य में त्रिशंकु विधानसभा की संभावना व्यक्त की गई थी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।