झारखंड में गैरआदिवासी रघुवर दास को सीएम बनाए जाने के विरोध में आदिवासी संगठनों ने शुक्रवार और शनिवार को बंद रखा है। रविवार को होने वाले शपथ समारोह में नक्सलियों द्वारा हमले की साजिश रचने की भी खुफिया जानकारी है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वीवीआईपी आएंगे। इसे देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था करने का फैसला लिया है। सुरक्षा में 800 पुलिस अधिकारी तैनात होंगे। पुलिस प्रशासन ने इसके लिए युद्ध स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और अन्य वीवीआई की सुरक्षा के लिए स्पेशल ब्रांच के अफसरों को लगाया गया है। वीवीआईपी को फूलमाला दिए जाने से पहले उसकी जांच करने को भी कहा गया है। शपथ समारोह की तैयारियों को लेकर लगातार बैठकें चल रही हैं। गोपनीय शाखा में शुक्रवार को देर रात तक विशेष बैठक चली। इसमें तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। डीआईजी प्रवीण कुमार, एसएसपी प्रभात कुमार और सिटी एसपी अनूप बिरथरे समेत अन्य पुलिस अफसरों ने वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर रूट तय किया। अधिकारियों से स्पष्ट कहा गया कि अगर कोई चूक हुई तो संबंधित क्षेत्र के अफसर जिम्मेदार होंगे। बैठक में एयरपोर्ट से सभा स्थल तक सुरक्षा के बिंदुओं पर भी कई आदेश जारी किए गए। पुलिस-प्रशासन को शनिवार रात तक तैयारी पूरी करने का समय दिया गया है। वहीं एसपीजी को भी सुरक्षा व्यवस्था और इसकी तैयारियों की जानकारी दी गई है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।