झारखंड में आज शपथ लेंगे रघुवर
(India)
भाजपा के नव निर्वाचित विधायक रघुवर दास आज मोरहाबादी के बिरसा स्टेडियम में झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। दास राज्य के दसवें मुख्यमंत्री होंगे। उनके साथ चार और मंत्रियों के शपथ लेने की उम्मीद है। इसमें तीन भाजपा और एक आजसू कोटे का विधायक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, लालकृष्ण आडवाणी सहित दो दर्जन से अधिक केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं को राजकीय अतिथि घोषित किया गया है। पहली बार इतने वीवीआइपी एक साथ किसी शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे। शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह दिन के 11 बजे से शुरू होगा। भाजपा की तरफ से कौन-कौन मंत्री बनेगा, यह दिल्ली में तय किया गया। नामों पर सहमति के लिए भावी मुख्यमंत्री रघुवर दास, झारखंड भाजपा के सह चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश प्रभारी त्रिवेंद्र सिंह रावत और प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय शनिवार को दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। अमित शाह की मौजूदगी में नये मंत्रियों के नामों को अंतिम रूप दिया गया। दास ने शाह सहित दूसरे केंद्रीय नेताओं को शपथ ग्रहण समारोह का आमंत्रण भी दिया। मंत्रियों में नीलकंठ सिंह मुंडा, लुईस मरांडी, राधाकृष्ण किशोर का नाम तय माना जा रहा है। आजसू से चंद्रप्रकाश चैधरी मंत्री पद की शपथ लेंगे। समारोह में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस आएंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।