‘गोडसे’ और ‘रावण’ के साथ ‘कम्युनिस्ट’ और ‘विदेशी’ भी असंसदीय शब्द
(India)

भारत की संसद में आए दिन होने वाले हंगामों से आप खासे परिचित होंगे परन्तु क्या आप जानते हैं कि वहां पर किसी को कम्युनिस्ट या विदेशी कहना समस्या खड़ा कर सकता है। दरअसल भारतीय संसद में कुछ खास चुने हुए शब्दों की एक लिस्ट तैयार की गई है जिनका प्रयोग संसद में नहीं किया जा सकता। इस लिस्ट में शामिल शब्दों को असंसदीय तथा संसद में प्रयोग के लिए अनुपयुक्त माना जाता है। इनमें से कुछ शब्द भारत और विश्व के इतिहास को ध्यान में रखकर शामिल किए गए हैं जबकि कुछ सत्तासीन सरकार या विपक्षी दलों के दबाव में जोड़े गए हैं। हाल ही चुनी गई 16वीं लोकसभा के सांसदों को एक हैंडबुक दी गई है जिसमें असंसदीय शब्दों की एक लिस्ट भी दी गई है। इस लिस्ट में जहां एक ओर हिटलर, मुसोलिनी, ईदी अमीन, नाथूराम गोडसे और रावण शब्द शामिल हैं तो आम बोलचाल में बोले जाने वाले कम्युनिस्ट और विदेशी जैसे शब्द भी शामिल हैं। इस लिस्ट को समय-समय पर तत्कालीन संदर्भ में अपडेट भी किया जाता है। उदाहरणार्थ वर्ष 2003 में विदेशी शब्द को असंसदीय शब्द माना गया क्योंकि भाजपा ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ प्रचार करने के लिए इस शब्द का इस्तेमाल किया था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।