जम्मू क्षेत्र के सांबा जिले में आज अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान रेंजर्स द्वारा की गई गोलीबारी का बीएसएफ ने जबरदस्त जवाब दिया है। बीएसएफ की जवाबी कार्रवाई में 4 पाकिस्तानी रेंजर्स की मौत हो गई है। इससे पहले आज पाक रेंजर्स की गोलीबारी में सीमा सुरक्षा बल का एक जवान शहीद हो गया। पाकिस्तान ने हमेशा की तरह पहले गोलीबारी शुरू की। लेकिन बीएसएफ ने ऐसा जवाब दिया कि पाक रेंजर पनाह मांगने लगे। बीएसएफ की कार्रवाई देख पाक रेंजर्स को सफेद झंडा तक लहराना पड़ा। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जम्मू में बताया कि पाकिस्तान रेंजर्स ने जम्मू क्षेत्र के सांबा जिले में बीएसएफ की रीगल सीमा चैकी पर अकारण गोलीबारी की। पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया। बीएसएफ ने इसका करारा जवाब दिया है। गौरतलब है कि रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने सेना से पाकिस्तान की ओर से होने वाले संघर्ष विराम के उल्लंघन की घटनाओं से विचलित हुए बिना दोगुनी ताकत से करारा जवाब देने को कहा था। जम्मू कश्मीर के अखनूर सेक्टर में पाकिस्तान की ओर से गोलाबारी में कल एक जवान के घायल होने की खबरों के बाद रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान के लिए कड़ी चेतावनी दी थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।