केजरीवाल के नए अभियान की शुरूआत
(India) आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी के लिए चंदा जुटाने की खातिर आज ‘आई फंड ऑनेस्ट पार्टी’ (मैं ईमानदार पार्टी को चंदा देता हूं) नाम के अभियान की शुरूआत की . इस अभियान के तहत केजरीवाल ने अपने भाई और बहन सहित 11 लोगों को नामित किया. केजरीवाल ने पार्टी को 10,000 रूपए का चंदा देकर इस अभियान की शुरूआत की .दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री ने जिन 11 लोगों को नामित किया उनमें शामिल हैं उद्योगपति राजीव बजाज, अभिनेत्री और पार्टी नेता गुल पनाग, केजरीवाल के पारिवारिक मित्र एवं डेंटिस्ट विपिन मित्तल, कारोबारी सुभाष खंडेलवाल, उनकी करीबी सहयोगी अश्वथी मुरलीधरन, प्रवासी भारतीय अमित अग्रवाल (हांगकांग) और मुनीश रायजादा (अमेरिका), कानून की पढ़ाई कर रहे छात्र मोहम्मद कासिम, आईआईटी में केजरीवाल के बैच में रहे सुब्रतो साहा, केजरीवाल के भाई मनोज केजरीवाल और उनकी बहन रंजना केजरीवाल। केजरीवाल की मां गीता देवी ने भी इस अभियान में हिस्सा लेने की इच्छा जताई है. अभियान में नामित किए गए लोग 10 और लोगों को नामित करेंगे और उनसे पार्टी के लिए चंदा देने की अपील करेंगे. केजरीवाल ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘मैं 10,000 रूपए का भुगतान कर 11 और लोगों को चुनौती देता हूं कि वे ‘ईमानदार राजनीति के लिए चंदा’ दें .’’ ‘आप’ नेता ने कहा, ‘‘अन्य पार्टियों की तरह हम उनसे चंदा नहीं लेते जो बिजली वितरण कंपनियां चलाने वाले लोगों से चंदा लेते हैं . वे उनसे चंदा लेते हैं पर बाद में उन्हें उद्योगपतियों के इशारों पर नाचना पड़ता है . हम लोगों से चंदा ले रहे हैं . इसलिए हम आम लोगों के हित में काम करेंगे .’’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।