एसपी रणधीर वर्मा के शहादत के आज 24 साल पूरे
(Baghmara-Cum-Katras, Dhanbad) उग्रवादियों से लोहा लेते धनबाद के तत्कालीन एसपी रणधीर वर्मा के शहादत के आज 24 साल पूरे हो गये। आज ही के दिन वर्ष 1991 में बैंक लुटेरों से अकेले मुठभेड़ करते एसपी रणधीर वर्मा ने वीरगति को प्राप्त किया था। उसके बाद से प्रतिवर्ष रणधीर वर्मा चैक स्थित उनकी प्रतिमा के समक्ष श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाता है। श्रद्धांजलि सभा में सर्वधर्म प्रार्थना के बाद स्थानीय कलाकारों द्वारा उन्हें श्रद्धांजलि भी दी जाती रही है। लेकिन इस साल मौसम की बेरुखी ने पूरे कार्यक्रम को बिगाड़ दिया। एक तो तय समय से काफी विलंब से कार्यक्रम शुरु हुआ और उसपर बूंदा-बांदी के कारण लोगों की भीड़ जैसे प्रत्येक वर्ष उमड़ती थी नहीं जुटी। बाहर से आने वाले कलाकारों का कार्यक्रम भी रद्द हो गया। बावजूद इसके जितने भी लोग उपस्थित हुए सबों ने नम आंखों से उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। इस क्रम में अपने दिवंगत पति को श्रद्धा सुमन अर्पित करने पहुंची पूर्व सांसद प्रो रीता वर्मा ने कहाकि उनकी शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देकर हम अपने बच्चों में देशभक्ति की भावना जागृत करने का काम करते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।