प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात
(International)
भारत और चीन के बीच विभिन्न मुददों पर मतभेदों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात की। दोनों देशों के बीच मतभेद का विषय बने मुददों में चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा भी शामिल है, जो पाक अधिकृत कश्मीर से होकर गुजरता है। जी 20 के नेताओं की बैठक से इतर मोदी और शी के बीच की यह बैठक आज सुबह हांगक्षोउ वेस्ट लेक स्टेट गेस्टहाउस में हुई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने ट्वीट किया, ‘हांगक्षोउ में पहली बैठक मेजबान के साथ हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग से मुलाकात की।’ दोनों नेताओं के बीच यह बैठक कई विवादित मुददों की पष्ठभूमि में हुई है। इन मुददों में पाकिस्तान के आतंकी संगठनों को संयुक्त राष्ट्र में सूचीबद्ध किए जाने, चीन द्वारा परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में भारत की सदस्यता रोकी जाने और 46 अरब डॉलर के चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारे का मुददा शामिल है। इन दोनों नेताओं की पिछली मुलाकात ताशकंद में जून में आयोजित हुए शंघाई सहयोग संगठन ‘एससीओ’ की बैठक के दौरान हुई थी। इनकी अगली बैठक अगले माह गोवा में आयोजित होने ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान होगी। इनकी मुलाकात के बाद फिर ब्रिक्स देशों के नेता मुलाकात करेंगे। मोदी आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री मैलकम टर्नबुल और सउदी अरब के नायब शहजादा मोहम्मद बिन सलमान से भी द्विपक्षीय बातचीत करेंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।