मोदी के पीएम रहते भारत के साथ संबंधों में सफलता की उम्मीद नहीं-पाकिस्तान
(International)
पाकिस्तान को नरेंद्र मोदी सरकार के रहते भारत के साथ संबंधों में किसी सफलता की उम्मीद नहीं है। यह बात प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के विदेश मामलों के सलाहकार सरताज अजीज ने कही है। अजीज ने कहा, पाकिस्तान क्षेत्र में भारत के वर्चस्ववादी रवैये का विरोध कर रहा है। पाकिस्तान समान आधार पर द्विपक्षीय संबंधों को प्रोत्साहन देने का आह्वान कर रहा है। मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रहते भारत के साथ संबंधों में सफलता की कोई उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि संसद के संयुक्त सत्र में शुक्रवार को सर्वसम्मति से एक प्रस्ताव पारित किया गया। उसमें कश्मीर, संघर्ष विराम उल्लंघन, सिंधु जल समझौता तोड़ने की भारत की धमकी, बलूचिस्तान में भारत के हस्तक्षेप समेत सारे मुद्दे शामिल हैं। इसका मकसद दुनिया को यह दिखाना था कि इन मसलों पर समूचा पाकिस्तान एकजुट है। अजीज ने कहा, दुनियाभर में विभिन्न मंचों पर संवाद के दौरान बहुमत ने देखा कि पाकिस्तान और भारत के बीच बातचीत बहाल होनी चाहिए। भारत की सीमा को सील करने की योजना पर उन्होंने कहा, इसमें कोई नुकसान नहीं है, अगर लोगों की आवाजाही और व्यापार द्वार कायम रखे जाते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।