शेख हसीना पर बढ़ रहा है अंतरराष्टीय दबाव
(International)
अमेरिका की अगुवाई में बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना पर अंतरराष्टीय दबाव बढ़ता जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने बांग्लादेश के आम चुनाव की विश्वसनीयता को लेकर निराशा जताई। यहां विपक्ष के बहिष्कार व भारी हिंसा के बीच हुए चुनाव में सत्ताधारी अवामी लीग को आसानी से भारी जीत मिली है। इस बीच, मंगलवार को बांग्लादेश में ताजा हिंसा में पांच लोग मारे गए। बांग्लादेश में रविवार को हुए आम चुनाव में प्रधानमंत्री हसीना की अवामी लीग संसद की 300 सीटों में से 232 सीटें जीत कर ताकतवर पार्टी के रूप में उभरी है। इन चुनावों का बीएनपी की अगुवाई में 18 पार्टियों ने बहिष्कार किया था। अमेरिकी विदेश मंत्रालय की उप प्रवक्ता मैरी हर्फ ने कहा कि चुनाव को लेकर हमारा नजरिया बिल्कुल स्पष्ट है। हमारा मानना है कि बांग्लादेश के पास अभी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने का मौका है, जिससे वह लोकतंत्र को लेकर अपनी प्रतिबद्धताओं को व्यक्त कर सकता है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ इस मसले पर खेद जताते हुए संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून ने दोनों प्रमुख पार्टियों अवामी लीग व बीएनपी से तत्काल सार्थक बातचीत शुरू करने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों के मारे जाने पर दुख व्यक्त किया। मून ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र बांग्लादेश में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का लगातार समर्थन करता है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।