मिस्र के अपदस्थ राष्ट्रपति मुहम्मद मुर्सी के खिलाफ सुनवाई एक फरवरी तक के लिए स्थगित कर दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि खराब मौसम के कारण मुर्सी बुधवार को विमान से कोर्ट नहीं पहुंच सके। अपने कार्यकाल के दौरान प्रदर्शनकारियों की हत्या करने के लिए उकसाने के आरोप में मुर्सी को बुधवार को कोर्ट में पेश होना था। उन पर लगा यह आरोप दिसंबर 2012 में राष्ट्रपति कार्यालय के बाहर हुई हिंसा से संबंधित है। मुर्सी द्वारा राष्ट्रपति की शक्तियों में वृद्धि किए जाने संबंधी आदेश की घोषणा के बाद उनकी सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गया था। मुर्सी की सरकार के खिलाफ देश में बड़े पैमाने पर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद सेना ने उन्हें पिछले वर्ष तीन जुलाई को अपदस्थ कर दिया था। मुर्सी को पिछले महीने दो अन्य मामलों में भी मुकदमे का सामना करने का आदेश दिया गया था। इनमें फलस्तीन के आतंकी संगठन हमास, लेबनान के हिजबुल्ला और ईरान की इस्लामी शिया सरकार के साथ मिलकर मिस्र के खिलाफ षड्यंत्र रचने का मामला शामिल है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।