प्राकृतिक गैस की कीमत को बढ़ाने संबंधी अधिसूचना जारी
(India)
अगले वित्त वर्ष से देश में महंगी बिजली और उर्वरक का रास्ता साफ हो गया है। तमाम राजनीतिक विरोध को दरकिनार कर केंद्र सरकार ने घरेलू स्तर पर उत्पादित प्राकृतिक गैस की कीमत को बढ़ाने संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। इसके मुताबिक गैस की मौजूदा कीमत 4.2 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू से बढ़कर 8.4 डॉलर प्रति एमएमबीटीयू तक हो जाएगी। इससे गैस आधारित बिजली और उर्वरक प्लांटों की लागत बढ़ेगी जिसका बोझ भी आम जनता को ही उठाना पड़ेगा। प्रधानमंत्री के आर्थिक सलाहकार परिषद के अध्यक्ष सी रंगराजन की अध्यक्षता में गठित समिति की सिफारिश पर मूल्य निर्धारण की नई नीति बनाई गई है। नए फॉर्मूले से वैसे तो सबसे ज्यादा फायदा रिलायंस इंडस्ट्रीज को होगा क्योंकि देश का सबसे बड़ा गैस फील्ड उसके पास ही है। मगर सरकार ने स्पष्ट किया है कि जब कंपनी बैंक गारंटी जमा कराएगी तभी वह नए फार्मूले के मुताबिक गैस बेच सकेगी। रिलायंस के पास केजी बेसिन में देश का सबसे बड़ा गैस ब्लॉक है। इसका उत्पादन लगातार कम हो रहा था। अब जबकि कीमत बढ़ाने का फैसला हो गया है तो कंपनी ने भी उत्पादन बढ़ा दिया है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।