भारत को मिल सकता है ऑस्ट्रेलियाई यूरेनियम
(International)
ऑस्ट्रेलिया के व्यापार मंत्री एंड्रयू रॉब ने कहा कि उनका देश भारत को जल्द ही यूरेनियम निर्यात शुरू कर सकता है। रॉब ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि भारत को ऑस्ट्रेलियाई यूरेनियम की बिक्री बहुत करीब है। व्यापार मंत्री ने यह टिप्पणी पिछले सप्ताह सिडनी में आयोजित जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के बाद की। इस दौरान उनकी भारतीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल के साथ बातचीत हुई। ऑस्ट्रेलिया में विश्व का एक तिहाई यूरेनियम भंडार है। यहां से सालाना सात हजार टन यूरेनियम का निर्यात किया जाता है। आर्थिक उन्नति के लिए ऊर्जा की कमी से जूझ रहे भारत की नजर परमाणु ऊर्जा पर है। भारत पहले ही अर्जेटीना और कजाखिस्तान जैसे देश से असैन्य परमाणु सहयोग समझौता कर चुका है। अक्टूबर, 2012 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड की भारत यात्रा के दौरान असैन्य परमाणु ऊर्जा में सहयोग के मसले पर भारत और ऑस्ट्रेलिया ने बातचीत जारी रखने का इरादा जाहिर किया था। इसके पहले अक्टूबर, 2011 में ऑस्ट्रेलिया की सत्ताधारी लेबर पार्टी ने भारत को यूरेनियम बेचने पर लगे दशकों पुराने प्रतिबंध को हटाने के पक्ष में मतदान किया। इससे परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर (एनपीटी) नहीं करने वाले देशों को भी यूरेनियम निर्यात करने का रास्ता साफ हुआ।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।