अभी जारी रहेगा सराहनपुर में कर्फ्यू
(India)
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर हिंसा मामले में अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शहर में अभी कर्फ्यू जारी रहेगा। साथ ही, उपद्रवियों को भी देखते ही गोली मारने के आदेश हैं। शहर में रविवार सुबह से आरएएफ व आइटीबीपी की टीमों का फ्लैग मार्च जारी है। जिलाधिकारी संध्या तिवारी ने अभी कहीं पर भी कर्फ्यू में ढील नहीं देने का फैसला लिया है। उधर, शासन भी लगातार यहां के माहौल की मॉनीटरिंग कर रहा है। जिलाधिकारी ने बताया कि शनिवार रात से स्थिति काफी नियंत्रण में है। हम बवाल करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शेंगे नहीं। हिंसा करने वालों से प्रशासन सख्ती से निपटेगा। एसएसपी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि यहां की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में बवाल करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट लिखी जा रही है। अभी तक 18-20 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा ध्यान अभी सिर्फ स्थिति पूरी तरह से सामान्य करने पर है। प्रयास रहेगा कि शाम तक कुछ समय के लिए शहर के कर्फ्यू में ढील दें। इसके बाद हम वबाल करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।