वास्तविक नियंत्रण रेखा पर स्थिति शांतिपूर्ण और स्थिर : सेना
(DELHI, India) जनरल ऑफिसर कमाडिंग इन चीफ लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा ने संवाददाताओं से कहा, ‘चीन सीमा पर स्थिति पूरी तरह से शांतिपूर्ण एवं स्थिर है। कोई समस्या नहीं है। वास्तविक नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की कोई घटना नहीं हुई है। कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जहां वास्तविक नियंत्रण रेखा के बारे में समझ में अंतर हैं। कुछ क्षेत्र के बारे में हमारी कुछ समझ है और उनकी कुछ और समझ है।’ उन्होंने कहा कि जमीन पर वास्तविक नियंत्रण रेखा इंगित नहीं किया गया है और ऐसे क्षेत्रों में भारतीय सैनिक और चीनी सैनिक दोनों गश्त लगाते हैं। लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा ने कहा, ‘लेकिन ऐसे क्षेत्रों में जहां आमना-सामना हुआ है, सभी चीजें शांतिपूर्ण ढंग से सुलझा ली गई हैं। मैं राजनीतिक या राजनयिक स्तर पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता हूं लेकिन सैनिकों के बीच सम्पर्क शांतिपूर्ण ढंग से होता है।’ उन्होंने कहा कि पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) की ओर से अतिक्रमण वास्तविक चिंता का कारण नहीं है और दोनों पक्ष काफी हद तक नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हैं। सैन्य अधिकारी ने कहा, ‘अतिक्रमण होता है। मैं यह भी कहना चाहता हूं कि वहां आधारभूत ढांचे का विकास किया जा रहा है, सड़कें बन रही हैं। यहां तक कि विभिन्न स्थानों पर हमारी मौजूदगी भी बढ़ी है। इसलिए इसके कारण भी आपको कई ऐसी बातें देखने को मिलती हैं। वे क्या कर रहे हैं, उस पर हमारी ओर से निगाह रखी जा रही हैं।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।