(India)
इटली की एक न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इतालवी अभियोजकों ने अगस्तावेस्टलैंड की मूल कंपनी फिनमेकेनिका के खिलाफ कार्यवाही यह कहते हुए ‘स्थगित’ कर दी है कि 12 वीवीआईपी हेलीकॉप्टर खरीदने के भारत के 3,600 करोड़ रुपये के करार में कथित भ्रष्टाचार से कंपनी का कोई लेना-देना नहीं है। भारत ने अनुबंध से जुड़ी शर्तों के कथित उल्लंघन और करार हासिल करने के लिए भारतीय एजेंटों को कथित तौर पर रिश्वत दिए जाने के आधार पर एक जनवरी को यह करार रद्द कर दिया था। रिपोर्ट के अनुसार, इटली के उत्तरी शहर बुस्टो अरसिजियो में अभियोजकों ने भ्रष्टाचार की आरोपी फिनमेकेनिका के खिलाफ कार्यवाही स्थगित कर दी। कंपनी ने एक बयान में यह जानकारी दी। फिनमेकेनिका के एक बयान का हवाला देते हुए एजेंसी ने कहा कि अभियोजन ने पाया कि कंपनी का कथित भ्रष्टाचार से कोई लेना-देना नहीं है। अगस्तावेस्टलैंड जुर्माना भरने पर राजी हुई है। हालांकि, उसने बार-बार दोहराया है कि उसे कथित रिश्वतखोरी के बारे में कुछ नहीं पता था।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।