पाकिस्तानी सेना ने एक बार फिर किया सीजफायर का उल्लंघन, फायरिंग में BSF के दो जवान घायल
(JAMMUandKASHMIR, India) सीजफायर का यह ताजा उल्लंघन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लेह और करगिल की कल (मंगलवार) होने वाली यात्रा से ठीक पहले हुआ है। वहां प्रधानमंत्री बिजली परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और लेह में सैनिकों को संबोधित करेंगे। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने आज सुबह आरएसपुरा इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ चौकियों पर चार जगह फायरिंग की। आरएसपुरा सेक्टर में पाकिस्तानी सेना द्वारा की फायरिंग में बीएसएफ के दो जवान घायल हो गए। सेना के अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने जोहरा पोस्ट, नोवा पिंड, जोगना चाक और टेंट पोस्ट पर फायरिंग की। कुछ सूत्रों ने दावा किया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने बीएसएफ के 10 ठिकानों पर गोलीबारी की। सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी रेंजर्स ने आरएसपुरा में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बीएसएफ के कई ठिकानों पर भारी मोर्टार से हमले किए। पाकिस्तान ने 48 घंटे से भी कम समय की अवधि में तीसरी बार सीजफायर का उल्लंघन किया। बीएसएफ के एक अधिकारी ने आज यहां बताया, पाकिस्तानी रेंजरों ने कल रात लगभग 8 बजकर 30 मिनट से लेकर जम्मू जिले के अरनिया सब..सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बिना किसी उकसावे के 7 सीमावर्ती चौकियों पर छोटे एवं स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि सीमा पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया और पाकिस्तान की गोलीबारी का माकूल जवाब दिया। इसके चलते दोनों ओर से रूक-रूक कर गोलीबारी होती रही। अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी में बीएसएफ के दो जवान मामूली रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि गोलीबारी आज सुबह 6 बजे तक जारी रही। पाकिस्तानी रेंजरों ने अरनिया पट्टी में कल रात लगभग साढ़े आठ बजे निकोवाल और भुदवार सीमा चौकियों पर गोलीबारी की। इसके बाद टेंट गार्ड चौकी पर गोलीबारी की गई। इसके बाद उन्होंने पित्तल, पिंडी चारकान, काके-दे-कोट्ठे और चिनाज सीमा चौकियों पर गोलीबारी की। पाकिस्तानी सैनिकों ने सूर्योदय से पहले भी क्षेत्र में कई मोर्टार दागे और गोलीबारी आज सुबह लगभग छह बजे बंद हुई।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।