‘नवाज शरीफ को इस्तीफा देना ही होगा’
(International)
पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान में सियासी संकट गहराता जा रहा है. इमरान खान और मौलाना ताहिर उल कादरी के 25,000 से अधिक समर्थक प्रधानमंत्री नवाज शरीफ के इस्तीफा देने और संसद व प्रांतीय असेंबलियों को भंग किए जाने तक राजधानी इस्लामाबाद नहीं छोड़ने पर अड़े हुए हैं. वहीं, लाहौर की एक अदालत ने नवाज शरीफ, उनके भाई व पंजाब के मुख्यमंत्री शाहबाज शरीफ और 19 अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप दर्ज करने का आदेश दिया है. इस वजह से 15 महीने पुरानी नवाज शरीफ सरकार के सामने अब तक का सबसे बड़ा संकट पैदा हो गया है.प्रदर्शनकारी लाहौर से 35 घंटे से ज्यादा समय में 300 किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय कर यहां पहुंचे हैं. पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के नेता इमरान खान ने यहां पहुंचने के बाद समर्थकों से कहा, अब वक्त आ गया है कि मुल्क फैसला करे. मैं यहां तब तक रहूंगा जब तक प्रधानमंत्री इस्तीफा नहीं दे देते. हम उस प्रधानमंत्री को कुबूल नहीं कर सकते जो धांधली वाले चुनाव के बाद बना है. हम चुनावों में धांधली के खिलाफ चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट गए. जब हमें इंसाफ नहीं मिला तब हमने फैसला किया कि अब सड़क पर उतरने के सिवाय हमारे पास कोई दूसरा चारा नहीं है. तहरीक-ए-इंसाफ के प्रदर्शन स्थल से कुछ दूरी पर कादरी और उनकी पार्टी पाकिस्तान अवामी तहरीक के समर्थक डेरा डाले हैं.

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।