ग्वालियर के मशहूर सिंधिया स्कूल में एक मंत्री के बेटे के साथ रैगिंग का मामला सामने आया है। रैगिंग से परेशान छात्र ने खुदकुशी तक की कोशिश की जिसके बाद गंभीर हालत में उसे दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित छात्र का नाम आदर्श है। वो बिहार के सहकारिता मंत्री जय कुमार सिंह के बेटा है। आदर्श ग्वालियर के मशहूर सिंधिया स्कूल में कक्षा नौ का छात्र है। 20 अगस्त को उसके साथ रैगिंग की घटना को अंजाम दिया गया। बताया जाता है कि अपने साथ हुई घटना की शिकायत आदर्श ने स्कूल प्रशासन से भी की लेकिन उन्होंने कोई एक्शन नहीं लिया। परेशान होकर छात्र ने खुदकुशी की कोशिश की जिसके बाद गंभीर हालत में स्कूल प्रशासन ने पहले उसे ग्वालियर के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन उसकी स्थिति को देखते हुए वहां से उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया। आदर्श का फिलहाल दिल्ली के अपोलो अस्पताल में इलाज चल रहा है। उधर बिहार से भी सहकारिता मंत्री जयकुमार का पूरा परिवार दिल्ली आ चुका है और बच्चे की देखरेख में जुटा है। गौरतलब है कि सिंधिया स्कूल ग्वालियर को एजुकेशन वल्र्ड इंडिया स्कूल रैंकिंग 2014 में देश भर के बॉयज बोर्डिंग स्कूलों में दूसरे स्थान पर रखा गया था और दून स्कूल देहरादून भी तीसरे रैंक पर रहकर उसके पीछे था। इतने प्रतिष्ठित स्कूल में इतने हाईप्रोफाइल बच्चे के साथ रैगिंग ने सबको हैरान कर दिया है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।