फ्लैग मीटिंग के 12 घंटे के भीतर पाक की फिर नापाक हरकत, अखनूर सेक्टर में तीन चौकियों पर फायरिंग
(JAMMUandKASHMIR, India) पाकिस्तानी अपनी नापाक हरकतों से भारत को उकसाने से बाज नहीं आ रहा है। भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर शांति के लिए बुधवार को हुई फ्लैग मीटिंग के 12 घंटे के भीतर ही पाकिस्तानी रेंजर्स ने अखनूर सेक्टर के डेवरा इंटरनेशनल बोर्डर पर तीन भारतीय चौकियों पर फायरिंग की। यह वही जगह है जहां पर कल प्लैग मीटिंग हुई थी और मीटिंग में दोनों तरफ से सीमा पर शांति बनाए रखने का आश्वासन दिया गया था। घटनाक्रम के मुताबिक, बीती रात करीब 12 बजे पाकिस्तानी रेंजर्स ने कुछ देर के लिए फायरिंग की थी। उसके बाद सुबह 4 बजे पाकिस्तानी रेंजर्स ने दोबारा से भारतीय चौकियों पर फायरिंग शुरू कर दी, जो कि सुबह 6 बजे तक चलती रही। बीएसएफ के जवानों ने भी पाकिस्तानी रेंजर्स की इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, बीएसएफ के देउरा पोस्ट के नजदीक 9-10 आतंकी घुसपैठ की फिराक में थे। यह पोस्ट जम्मू के अखनूर सेक्टर में आता है। बीती रात 11.45 बजे के करीब जैसे ही बीएसएफ के जवानों की नजर आतंकियों पर पड़ी, उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इन आतंकवादियों को पहले परगवाल सेक्टर में पाकिस्तानी रेंजर्स के शाहजमाल पोस्ट के पास देखा गया था। पाकिस्तान अगस्त महीने में अब तक 23 बार सीजफायर का उल्लंघन कर चुका है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।