जापान के ऐतिहासिक तोजी मंदिर के नरेंद्र मोदी ने किए दर्शन
(International) मोदी जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे के साथ आठवीं सदी के इस मंदिर में सुबह पहुंचे और पूजा अर्चना कर पूरे मंदिर का भ्रमण किया। उन्होंने मंदिर के पांच मंजिला पगौडा को भी देखा। लकड़ी का बना यह पांच मंजिला पगौडा 187 फुट ऊंचा है और जापान की लकड़ी की यह सबसे ऊंची इमारत है। पोशाका, नुगाया और क्योटो से काफी भारतीय नरेंद्र मोदी को देखने तोजी मंदिर पहुंचे थे। कई भारतीय तिरंगा लिये हुए थे जिनसे मोदी ने हाथ मिलाकर उनका अभिवादन किया। इस दौरान कुछ लोगों ने वंदे मातरम और भारत माता की जय आदि के नारे भी लगाये। जापान का यह प्रसिद्ध बौद्ध मंदिर यूनेस्को की विरासत सूची में भी शामिल है। मंदिर के बौद्ध भिक्षु हसी ने बताया कि नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें बहुत खुशी हुई। उन्होंने कहा कि मोदी बहुत बड़े दिलवाले व्यक्ति हैं और हमें इस बात की खुशी है कि वह इस मंदिर को देखने आये। पांच दिन की जापान यात्रा पर क्योटो पहुंचे मोदी का आज यहां दूसरा दिन है। आज शाम नरेंद्र मोदी टोक्यो के लिए रवाना होंगे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।