राजौरी में बारातियों को ले जा रही बस नदी में गिरी
(India)
जम्मू कश्मीर के राजौरी जिले में गुरूवार को बारातियों को ले जा रही एक बस उफनती नदी में गिर गई, जिससे उसमें सवार 50 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी तक मरने वालों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस के मुताबिक बारातियों को ले जा रही बस पर गुरूवार सुबह चालक का नियंत्रण नहीं रहा और वह राजौरी जिले के नौशेरा कस्बे से 15 किलोमीटर दूर लाम नदी में गिर गई। अधिकारी ने कहा कि छह यात्री अपनी जान बचाने में कामयाब रहे, जबकि बाकी लोग उफनती नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए। शवों की तलाश के लिए तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से राज्य में बाढ़ की स्थिति और राजौरी दुर्घटना पर बात की। राजनाथ सिंह ने शुक्रवार से शुरू होने वाली अपनी यात्रा टाल दी है। केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को अप्रत्याशित बाढ़ की चुनौतियों से निपटने के लिए सभी प्रकार की सहायता मुहैया कराने का भरोसा दिया है। बाढ़ में बहुमूल्य जीवन के नुकसान पर दुरूख व्यक्त करते हुए सिंह ने मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया कि राज्य के लिए सभी आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।