राज्यपाल बनने वाले पहले पूर्व प्रधान न्यायाधीश हैं सदाशिवम
(India)
भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश पी सदाशिवम ने शुक्रवार को केरल के राज्यपाल के तौर पर शपथ ली। सदाशिवम राज्य के 23 वें राज्यपाल बने हैं। इस पद पर 65 वर्षीय सदाशिवम की नियुक्ति के बाद पूर्व प्रधान न्यायाधीश को राज्यपाल का जिम्मा सौंपे जाने के औचित्य को लेकर कानूनी और राजनीतिक गलियारों में बहस शुरू हो गई है। केरल उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अशोक भूषण ने राजभवन में सदाशिवम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। सदाशिवम भारत के ऐसे पहले पूर्व प्रधान न्यायाधीश हैं जिन्हें राज्यपाल बनाया गया है। नई राजग सरकार में राज्यपाल पद पर नियुक्त होने वाले सदाशिवम पहले गैर राजनीतिक व्यक्ति भी हैं। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ओमेन चांडी, उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी, राज्यसभा के उप सभापति पी जे कुरियन और केरल विधानसभा के अध्यक्ष जी कार्तिकेयन भी उपस्थित थे। एलडीएफ के नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।