लद्दाख में नहर पर जारी काम का विरोध कर रहे चीनी सैनिक, नागरिक
(JAMMUandKASHMIR, India) इस नहर का निर्माण नरेगा योजना के तहत किया जा रहा है। लेह के जिलाधिकारी एसएस गिल ने मीडिया को बताया, 'डेमचोक में चीन पिछले एक सप्ताह से नरेगा के तहत नहर के लिए जारी काम का विरोध कर रहा है।' गिल ने आगे कहा, 'इस बार चीनी नागरिक भी काम का विरोध करने के लिए नहर पर आए। चीनी नागरिक हमें बैनर्स दिखा रहे हैं।' गिल के अनुसार पिछले एक सप्ताह से चीनी सेना और भारतीय सेना आमने-सामने हैं। अधिकारी ने बताया, 'चीनी नागरिक भी हमारे नागरिकों के सामने हैं। स्थिति तनावपूर्ण है।' इसके पहले आज लद्दाख के चुमूर में चीनी और भारतीय सेना के जवानों के आमने-सामने आने की खबर है। एक दिन पहले मीडिया रिपोर्टों में बताया गया कि चीनी सैनिक भारतीय क्षेत्र डेमचोक में 500 मीटर अंदर दाखिल हो गए और उन्होंने तंबू भी लगा लिया। मीडिया को मिली जानकारी के मुताबिक करीब 300 चीनी सैनिकों ने भारतीय सेना के तकरीबन 100 जवानों को घेर लिया है और उन्हें जाने नहीं दे रहे हैं। मामला इसलिए गंभीर है क्योंकि यह घटना भारतीय सीमा के भीतर हुई है। कुछ अन्य रिपोर्टों में कहा गया है कि चीनी सेना के करीब 30 जवान गत 11 सितंबर को डेमचोक इलाके में 500 मीटर अंदर दाखिल हो गए और वहां तंबू लगा लिया। जबकि चीनी सैनिकों का सामना करने के लिए भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के करीब 70 जवान मौके पर हैं। सूत्रों के मुताबिक, इस घटना के बाद दोनों देशों ने डेमचोक इलाके में अपने और सैनिकों को भेज दिया है। ज्ञात हो कि पिछले महीने चीनी सैनिक लद्दाख में कथित रूप से करीब 25 किलोमीटर अंदर आ गए थे। साल 2014 में भारतीय सीमा में चीनी सैनिकों के घुसपैठ की 334 घटनाएं होने की रिपोर्ट है। घुसपैठ की यह घटनाएं ऐसे समय सामने आ रही हैं जब चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग भारत की यात्रा पर आने वाले हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।