चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग आज तीन दिवसीय यात्रा पर भारत आ रहे हैं। वे चीन से सीधे गुजरात के अहमदाबाद पहुंचेंगे। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनकी अगुवानी करेंगे। अपनी यात्रा के पहले दिन चीनी राष्ट्रपति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कुछ वक्त महात्मा गांधी के साबरमती आश्रम में गुजारेंगे। चीनी राष्ट्र्रपति की इस यात्रा से कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने के आसार हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरूद्दीन ने चीनी राष्ट्रपति की भारत यात्रा का विवरण देते हुए कहा कि पीएम मोदी चीनी राष्ट्रपति के सम्मान में निजी भोज भी देंगे। प्रवक्ता ने बताया कि इससे पहले दोनों नेताओं की मौजूदगी में कुछ समझौतों पर भी हस्ताक्षर किए जाएंगे। रात्रि भोज के बाद शी चिनफिंग नई दिल्ली रवाना होंगे। जहां रात्रि विश्राम के बाद कल राष्ट्रपति भवन में रस्मी स्वागत के बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी। जिसमें सीमा विवाद के समाधान और वास्तविक नियंत्रण रेखा के उल्लंघन की घटनाओं सहित सभी द्विपक्षीय लंबित मुद्दों, व्यापार और निवेश के संभावनाओं पर लंबी बातचीत होगी और कई समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे। चिनफिंग की राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन और कांगे्रस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात होगी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।